बदायूं। देशी दवा तोड़ने को पेड़ पर चढ़े मिठाई कारीगर की हाईटेंशन बिजली लाइन के करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिवार के साथ ही पुलिस भी पहुंच गई। शव को जिला मुख्यालय भेजा है।सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव अहोरा मई के रहने वाले पुरुषोत्तम (19) बदायूं शहर के एक मिठाई की दुकान पर कारीगर था। शुक्रवार की सुबह करीब 7:30 बजे वह आपने घर से हर रोज की तरह दुकान जाने को घर से निकला था। वह जैसे ही बुधवाई रोड पर पहुंचा कि दुकान मालिक का फोन आया कि उसको पेड़ से देशी दवा तोड़कर लाना है। दवा तोड़ने के लिए वह पेड़ पर चढ़ गया। लेकिन उसको पता नहीं था कि पेड़ के ऊपर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। उसका हाथ बिजली के तार से छू गया, जिससे उसको करंट लगा तो वह नीचे जमीन पर आ गिरा। राहगीरों ने नजारा देखा तो उसकी पहचान करते हुए परिजनों को सूचना दी। जिसके बाद परिवार के लोग रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए। पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद इंस्पेक्टर सिविल लाइन हरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिजनों ने बताया कि वह तीन भाइयों व एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।