बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने यक्ष एप की मदद से चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें और 35 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। घटना 30 मार्च की रात की है, जब सम्राट अशोक नगर निवासी के. अशोक कुमार सिंह के घर में छत के रास्ते घुसकर चोरों ने बुलेट मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और चांदी का ब्रेसलेट चोरी कर लिया था। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी का चेहरा सामने आया। यक्ष एप पर चेहरे की पहचान के बाद आरोपी की पहचान सिकंदर उर्फ छोटा के रूप में हुई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सिकंदर उर्फ छोटा और उसके साथी मुकेश को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी की बुलेट और एक अन्य स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई, जो पहले की चोरी की घटना से संबंधित थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की बाइक नेपाल बॉर्डर पर बेचने की योजना बना रहे थे। गिरफ्तारी के दौरान सिकंदर ने चांदी का ब्रेसलेट निगल लिया, जिसे बरामद करने के लिए उसे अस्पताल भेजा गया है। साथ ही उसके पास से 35 ग्राम स्मैक भी मिली है। दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार सिकंदर पर पहले से करीब 18 मुकदमे दर्ज हैं और वह हाल ही में जेल से जमानत पर छूटा था। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडेय सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।