बरेली । फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर देर रात कार्रवाई करते हुए वांछित स्मैक तस्कर गौतम को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 312 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस के अनुसार नेशनल हाईवे पर यात्री शेड के पास गांव भोलापुर निवासी गौतम को दबोचा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में स्मैक मिली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अधिकतर उत्तराखंड में रहता है और अज्ञात ट्रक चालकों से स्मैक खरीदकर गांव के ही अजय को बेचता था, जो चार दिन पहले ही जेल जा चुका है। वह खुद भी उत्तराखंड में स्मैक बेचकर अपना खर्च चलाता था। थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले में फरार चल रहे प्रशांत उर्फ प्यारे गुर्जर की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।