बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने गौकशी के मामले का खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 135 किलो गौवंशीय मांस और गौकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं, जबकि तीन आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, 29 मार्च को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सैदपुर चुन्नीलाल निवासी फईम अपने घर पर गौवंशीय पशु का वध कर मांस बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी, जहां से अभियुक्ता गुड्डी पत्नी यामीन उर्फ मोती को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान करीब 135 किलो मांस, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और रस्सियां बरामद की गईं। कार्रवाई के दौरान अभियुक्ता के तीन बेटे रिजवान, फईम और अजीम अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि उसके बेटे आवारा घूम रहे गौवंश को पकड़कर उनका वध करते थे और मांस बेचते थे, जिसमें वह भी सहयोग करती थी। इसी आय से परिवार का खर्च चलता था। पुलिस ने अभियुक्ता को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।