बरेली। थाना कैंट क्षेत्र में “लव जिहाद” के नाम पर एक युवक के साथ मारपीट और जबरन वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ऋषभ ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, थाना कैंट में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि ऋषभ ठाकुर ने एक युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट की और धमकाते हुए उससे पैसे वसूले। इतना ही नहीं, घटना को “लव जिहाद” का रूप देकर उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कैंट पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी ऋषभ ठाकुर को गिरफ्तार कर उसके पास से 3300 रुपये बरामद किए। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले से ही थाना सुभाषनगर क्षेत्र से जिला बदर घोषित है। क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।