बरेली। आंवला थाना पुलिस ने भारत पेट्रोलियम डिपो में अवैध प्रवेश कर मैनेजर को धमकाने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करते हुए जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के आंवला डिपो के मैनेजर स्वपन कुमार माझी ने 27 मार्च को थाना आंवला में शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 मार्च की रात कुछ युवक डिपो में अवैध रूप से घुस आए और कार्य में बाधा डालते हुए डीजल-पेट्रोल व रुपये की मांग कर धमकी दी। इस पर पुलिस ने बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 28 मार्च को आंवला स्टेशन रोड स्थित डिग्री कॉलेज के पास से चारों आरोपियों आसिफ निवासी डिडौली, अमरोहा , सलमान, शाहरुख और शहजान तीनों निवासी मनौटा, थाना असमोली, संभल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने डिपो में घुसकर मैनेजर से पेट्रोल-डीजल और रुपये की मांग की थी तथा डराने-धमकाने का प्रयास किया था। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बिहारीलाल, हेड कांस्टेबल रविशंकर और कुलदीप की टीम शामिल रही। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें जेल भेज दिया है।