बरेली। थाना कोतवाली पुलिस ने बच्ची चोरी की सूचना का खुलासा करते हुए पूरे मामले को फर्जी पाया है और 21 दिन की नवजात बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है। परतापुर चौधरी निवासी मकसूद पुत्र मुनीर खां ने 27 मार्च को पुलिस को सूचना दी थी कि वह अपनी पत्नी सवाना और 21 दिन की बच्ची हानिया नूर के साथ जिला अस्पताल बरेली आया था। जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के दौरान वह पत्नी और बच्ची को अस्पताल गेट पर छोड़कर अंदर चला गया। लौटने पर दोनों गायब मिले। काफी तलाश के बाद उसकी पत्नी दीदी कैफे के पास बेहोशी की हालत में मिली, जिसने एक अज्ञात महिला द्वारा बच्ची चोरी करने की बात बताई। इस पर थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सच्चाई उजागर की। पूछताछ में सामने आया कि लगातार तीसरी बेटी होने के कारण दंपति ने अपनी नवजात बच्ची को मुंहबोली बहन सबा बी निवासी शेखूपुर, थाना बहेड़ी को दे दिया था और समाज व परिवार से छिपाने के लिए अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है। इस खुलासे में उपनिरीक्षक सुदीप बघेल, महिला उपनिरीक्षक जागृति गौतम और महिला कांस्टेबल निशा की अहम भूमिका रही।