बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का मोबाइल बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 19 दिसंबर 2025 को आदित्य कुमार निवासी स्टेडियम रोड, थाना बारादरी ने अपने गोदाम से चार मोबाइल फोन व एक हार्ड ड्राइव चोरी होने की सूचना दी थी। इस पर थाना बारादरी में मुकदमा अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। मामले के खुलासे के लिए गठित टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। उसकी पहचान के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई।इसी क्रम में गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने डीडी पुरम पार्क के पास से सुमित कश्यप निवासी अशोक नगर मढ़ीनाथ, थाना सुभाषनगर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से चोरी का एक Samsung Note 8 मोबाइल बरामद हुआ। इसके बाद मुकदमे में धारा 317(2)/317(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले स्टेडियम रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में काम करता था, जहां से उसने गोदाम से मोबाइल और हार्ड ड्राइव चोरी की थी। उसने तीन मोबाइल व हार्ड ड्राइव राह चलते लोगों को बेच दिए और उनसे मिले पैसे अपने शौक पूरे करने में खर्च कर दिए। बरामद मोबाइल को भी बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। बरामदगी: एक मोबाइल फोन (Samsung Note 8)पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक राहुल चौधरी, हेड कांस्टेबल विशाल कुमार, कांस्टेबल निखिल तोमर व कांस्टेबल ललित कुमार शामिल रहे।