बरेली। थाना सुभाषनगर पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। आरोपी को औरैया जनपद से दबिश देकर पकड़ा गया। थाना सुभाषनगर में 26 मार्च को वादी अभिनव सिंह चौहान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। वादी ने बताया कि 29 दिसंबर 2025 को उसके बड़े भाई दीपेंद्र सिंह चौहान की नौकरी लगवाने के नाम पर आरोपी दुर्गेश बाजपेयी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उनसे पैसे ठग लिए। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम दखलीपुर, थाना फफूद (जनपद औरैया) में आरोपी के घर दबिश दी। सुबह करीब 6:30 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने समीक्षा सिंह के माध्यम से वादी से संपर्क किया था और नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे लिए थे। यह रकम उसने अपने साथी रवि कुमार के खाते में डलवाई, जिसे बाद में निजी खर्च में इस्तेमाल कर लिया। आरोपी के खिलाफ औरैया जनपद के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी व जालसाजी के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक असगर अली एवं हेड कांस्टेबल अवनीश कुमार की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।