बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ में वांछित एक अभियुक्त को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने इटौआ केदारनाथ जाने वाले रास्ते पर कब्रिस्तान के सामने सरकारी नल के पास घेराबंदी कर अभियुक्त आरिफ पुत्र नबाब हुसैन, निवासी ग्राम सैदपुर चुन्नीलाल थाना भोजीपुरा, बरेली को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर बरामद हुआ। इस संबंध में थाना भोजीपुरा में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त पूर्व में पुलिस मुठभेड़ के एक मामले में वांछित चल रहा था। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने तमंचा अपनी सुरक्षा के लिए रखा था और वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त के खिलाफ विभिन्न थानों में पशु क्रूरता अधिनियम, आयुध अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक रनवीर सिंह और कांस्टेबल अमरदीप गौतम की टीम शामिल रही।