बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए गौकशी के मामले में वांछित 25,000 रुपये के इनामिया अभियुक्त कामिल उर्फ नक्ता को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि एक उपनिरीक्षक भी घायल हो गया। पुलिस के अनुसार 25 मार्च की सुबह थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम में वांछित 25 हजार रुपये का इनामिया अभियुक्त कामिल उर्फ नक्ता बंद पड़ी रबर फैक्ट्री के पास जंगल क्षेत्र में मौजूद है और गौकशी की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। सुबह करीब 05:35 बजे अभियुक्त ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली उपनिरीक्षक पंकज कुमार के बाजू को छूते हुए निकल गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त कामिल उर्फ नक्ता पुत्र गुलाम फरीद निवासी मोहल्ला ग्यासपुर, थाना बीसलपुर, जनपद पीलीभीत का है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस (नाल में लगा हुआ), दो जिंदा कारतूस तथा गौकशी से संबंधित उपकरण बरामद किए हैं। घायल अभियुक्त कामिल उर्फ नक्ता और उपनिरीक्षक पंकज कुमार को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार कामिल उर्फ नक्ता पर गौकशी, गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 15 गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।