बरेली। थाना फरीदपुर पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत अपहरण के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए दो बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया और एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और टीम की सराहना की।पुलिस के अनुसार 20 मार्च को 9 माह के बच्चे अरुण के अपहरण के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान 23 मार्च को रेलवे स्टेशन पिताम्बर से अभियुक्ता बिन्दा उर्फ रजनी (48 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से अपहृत अरुण के साथ ही एक अन्य करीब साढ़े तीन वर्षीय बच्चा लवियांश भी बरामद हुआ।पूछताछ में अभियुक्ता ने स्वीकार किया कि उसने हरदोई बस अड्डे पर एक महिला को झांसा देकर बच्चे का अपहरण किया था और उसे बेचने की योजना बना रही थी। उसने यह भी कबूल किया कि पूर्व में भी वह अपने तीन बच्चों को बेच चुकी है।मामले में बच्चा बेचने की साजिश सामने आने पर संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने अभियुक्ता के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया है। इस सफलता में थाना फरीदपुर पुलिस व सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही।