बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र स्थित स्टेडियम में छात्रों की दबंगई का मामला सामने आया है, जहां कक्षा 9 के एक छात्र को कुछ अन्य छात्रों ने बेरहमी से पीट दिया। घायल छात्र के परिजनों ने थाना बारादरी में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कर कार्रवाई शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, थाना इज्जतनगर क्षेत्र की महानगर कॉलोनी निवासी 15 वर्षीय जागृत पुत्र विनीत कुमार सिंह स्टेडियम में फुटबॉल की प्रैक्टिस करता है। सुबह खेल के दौरान जागृत और अंकुर के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि अंकुर ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जागृत द्वारा दो बार माफी मांगने के बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ।कुछ देर बाद अंकुर अपने छह साथियों को मौके पर बुला लाया। इसके बाद अंकुर, तेग सिंह समेत अन्य चार लड़कों ने मिलकर जागृत की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने हाथ में पहने कड़े से उसके सिर पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना की सूचना मिलते ही घायल के पिता विनीत कुमार सिंह मौके पर पहुंचे उन्होंने थाना बारादरी में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।