बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो शातिर तस्करों को 363 ग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार रात्रि गश्त के दौरान गुलजार नगर पीली मिट्टी के पास से आशु बजाज (36) निवासी फाल्तूनगंज और सर्वेश (37) निवासी सिकलापुर थाना बारादरी को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 363 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इस संबंध में थाना बारादरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी सर्वेश ने बताया कि वह पहले भी चोरी और जालसाजी के कई मामलों में जेल जा चुका है। उसने कबूल किया कि बरामद अफीम उसने विसौली क्षेत्र के एक अज्ञात किसान से खरीदी थी और उसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर फुटकर में बेचने की योजना थी, जिससे अच्छा मुनाफा कमाया जा सके। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास रहा है। विशेष रूप से सर्वेश के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, जालसाजी और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।