बरेली। आंवला थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो अभियुक्तों को चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बाइक संख्या UP14 CV 5187 बरामद की है, जो जनपद गाजियाबाद से चोरी की गई थी। पुलिस के अनुसार रात चौकी रामनगर के सामने संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर हरदासपुर की ओर से आ रहे दो युवकों को रोका गया। पूछताछ में वे मोटरसाइकिल के वैध कागजात नहीं दिखा सके, जिस पर पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दुर्गाप्रसाद (26 वर्ष) निवासी करुआताल तथा राहुल (25 वर्ष) निवासी मोहल्ला खेड़ा, कस्बा आंवला के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपने फरार साथी सोनू उर्फ अरसद के साथ मिलकर गाजियाबाद से बाइक चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की बाइक कुछ समय तक छिपाकर रखते थे और बाद में उन्हें बेचकर पैसे आपस में बांट लेते थे। इस संबंध में थाना आंवला में मुकदमा दर्ज कर दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं, फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नरेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक वेदप्रकाश शर्मा, हेड कांस्टेबल नरेन्द्र कुमार व राजेन्द्र कुमार शामिल रहे।