बरेली। थाना हाफिजगंज पुलिस ने गोकशी की घटना का सफल अनावरण करते हुए 2 हिस्ट्रीशीटर सहित कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार 12 मार्च को थाना क्षेत्र के ग्राम सावरखेड़ा स्थित बैगुल नदी किनारे जंगल में गोवंशीय पशु के अवशेष मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को घने जंगल में खाल व अन्य अवशेष बरामद हुए, जिसके आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर 21 मार्च को कार्रवाई करते हुए फिदा हुसैन, अशफाक, अजय सिंह, नन्द किशोर उर्फ छोटू, सुरेन्द्र और करन को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, आरोपी फईम अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पूछताछ में मुख्य आरोपी फिदा हुसैन ने बताया कि वह पहले भी कई बार गोकशी और गैंगस्टर मामलों में जेल जा चुका है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सावरखेड़ा के पास घने जंगल को गोकशी के लिए सुरक्षित स्थान के रूप में चुना था। गिरोह के सदस्य अलग-अलग भूमिकाओं में काम करते थे—कुछ लोग आवारा पशुओं को पकड़कर जंगल में बांधते थे, जबकि अन्य रात में उन्हें काटकर मांस को छोटे पैकेटों में बेच देते थे। इस अवैध कारोबार से उन्हें प्रति पशु 15 से 20 हजार रुपये तक का लाभ होता था। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, गंडासा, छुरी, खुखरी, कुल्हाड़ी, रस्सियां और अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में फिदा हुसैन और अशफाक हिस्ट्रीशीटर हैं, जिन पर पूर्व में भी कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रवीन सोलंकी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मदन गोपाल, उपनिरीक्षक सत्यवीर गिरि, नितेश चौधरी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।