बरेली। थाना भुता पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आईटी एक्ट की धारा 66 (E) के तहत की गई है। पुलिस के अनुसार थाना भुता में एक प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ था, जिसमें सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने की शिकायत की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने 20 मार्च को अभियुक्ता सुजाता देवी पुत्री चेतराम निवासी ग्राम पटपरागंज, थाना भुता को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिला को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से मुख्यमंत्री की फोटो एडिट कर स्टोरी पोस्ट की थी। उसे अपनी गलती का अहसास हो गया है और भविष्य में ऐसी कोई पोस्ट न करने की बात कही है। इस कार्रवाई में महिला हेल्प डेस्क की महिला उप निरीक्षक पूजा तोमर और महिला कांस्टेबल प्रवेश देवी की अहम भूमिका रही।