बरेली। थाना कैंट क्षेत्र के ग्राम चौबारी में 16 मार्च की शाम करीब 7:30 बजे दबंगों द्वारा घर पर चढ़ाई कर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। पीड़ित सौरभ सिंह पुत्र शिशुपाल सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि विवेक उर्फ जट्टा, बन्टू यादव, अनुज, अंशुल गोस्वामी और कमल समेत 4-5 अज्ञात साथियों के साथ उसके भाई ग्राम प्रधान पप्पू सिंह के घर पर अवैध हथियारों के साथ पहुंचे और विवाद करने लगे।परिजनों और ग्रामीणों के एकत्र होने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और भागने लगे। इस दौरान ग्रामीणों ने बन्टू यादव को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि जब पुलिस उसे थाने ले जा रही थी, तभी रास्ते में अन्य बदमाशों ने पुलिस को घेरकर उसे छुड़ाने का प्रयास किया।सूचना पर मौके पर पहुंचे सौरभ सिंह पर आरोपियों ने अवैध हथियार से फायर कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर कार और बाइक से फरार हो गए। घटना की वीडियो भी मौजूद बताई जा रही है।पीड़ित ने आरोपियों को पेशेवर अपराधी बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिकायत कर सख्त कार्रवाई और जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।