बरेली। थाना सीबीगंज क्षेत्र के गांव ऐना, रूपपुर और माधौपुर खालसा के पास हो रहे अवैध खनन के विरोध में सोमवार को ग्राम प्रधान गुलाब राय मौर्य के नेतृत्व मेंबड़ी संख्या में ग्रामीण जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।ग्रामीणों का कहना है कि ऐना, माधौपुर खालसा और रूपपुर गांव रामगंगा नदी के किनारे स्थित हैं और ये क्षेत्र पहले से ही बाढ़ प्रभावित रहा है। ग्रामीणों के अनुसार अतीत में तीन बार गांव का हिस्सा नदी की कटान में बह चुका है, जिससे लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने बताया कि अब स्थिति यह है कि यदि फिर से कटान या बाढ़ आई तो गांव के लोगों के पास बसने के लिए जमीन भी नहीं बचेगी।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ भूमाफिया रामगंगा नदी से गांव के किनारे जेसीबी मशीनों से सात से आठ फीट गहरे और कई बीघा क्षेत्र में चौड़े-चौड़े गड्ढे खोदकर अवैध खनन कर रहे हैं। इससे नदी का प्रवाह प्रभावित हो रहा है और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में 23 फरवरी को क्षेत्रीय लेखपाल से भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अवैध खनन को तुरंत रोका जाए, अन्यथा रामगंगा का पानी गांव में घुसकर बड़ी तबाही मचा सकता है। शिकायत करने बालों में लीलाधर , मंजीत, यादराम , करन, खूबकरन , ओमपाल , बबलू , नफर अली, किशन लाल, मंगली राम , मंजूर अली ,मैकूलाल, श्याम सिंह , बाबूराम , बनवारी लाल सहित बड़ी संख्या ग्राम वासी मौजूद रहें।