बरेली। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह ने कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विनोद राठौर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे छह माह के लिए जिला बदर कर दिया है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम-1970 की धारा 3(1) के तहत की गई है। प्रशासन के अनुसार विनोद राठौर पुत्र रामपाल उर्फ श्याम पाल निवासी ग्राम रम्पुरा कमन, थाना फतेहगंज पूर्वी, जनपद बरेली के खिलाफ बरेली समेत अन्य जिलों में गंभीर धाराओं में कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ थाना फतेहगंज पूर्वी में आईपीसी की धारा 147, 186, 188, 332, 149 सहित बीएनएस की धारा 351(2), 351(3) में पांच मुकदमे दर्ज हैं। वहीं थाना फरीदपुर में धारा 147, 323, 341, 504 के तहत तीन मुकदमे, थाना बारादरी में एक मुकदमा तथा जनपद शाहजहांपुर के थाना कटरा में धारा 147, 323, 341 के अंतर्गत छह मुकदमे पंजीकृत हैं।प्रशासन का कहना है कि आरोपी अपनी गुंडागर्दी के बल पर धोखाधड़ी, रंगदारी जैसे अपराधों में लिप्त रहा है और उसकी आपराधिक गतिविधियों से आम जनता में भय और आतंक का माहौल बना हुआ था। इसी को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उसे छह माह के लिए जिला बदर करने का आदेश जारी किया गया है।