बरेली। थाना इज्जतनगर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर अभियुक्त को 315 ग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर टीम ने फरीदापुर रेलवे ग्राउंड के पास से शिवम खैर उर्फ गोलू पुत्र राजेन्द्र प्रसाद निवासी मठ लक्ष्मीपुर थाना इज्जतनगर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इस संबंध में थाना इज्जतनगर में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अफीम उत्तराखंड से किसी अज्ञात व्यक्ति से खरीदकर बरेली लाता था और यहां आने-जाने वाले लोगों को बेच देता था, जिससे उसे अच्छी कमाई हो जाती थी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब तीन दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बिजेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक अमित कुमार, उप निरीक्षक इसरार अली और हेड कांस्टेबल तेजपाल सिंह शामिल रहे।