बरेली। थाना फरीदपुर क्षेत्र के लाइनपार मठिया निवासी अरविंद कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से अपने बेटे की हत्या के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। अरविंद कुमार का आरोप है कि उनका पुत्र विकास यादव 1 मार्च 2026 को दोपहर लगभग 1 बजे एनएच-30 स्थित ग्रीन फॉर्म रिसॉर्ट में आयोजित होली कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने विकास के साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर आरोपियों ने विकास के साथ मारपीट की। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे वहां से भेज दिया। परिजनों के अनुसार जब विकास वापस लौट रहा था, तभी न्यू बीडीए घंटाघर चौराहे के पास अज्ञात वाहन ने उसे जान से मारने की नियत से टक्कर मार दी, जिसके बाद वाहन सवार आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में एक राहगीर ने विकास को वेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया। इस मामले में 2 मार्च को थाना बिथरी चैनपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया। पीड़ित पिता का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। अरविंद कुमार ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्च स्तरीय टीम गठित करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर बेटे को न्याय दिलाने की मांग की है।