बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती को बेचने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार, 23 मई 2025 को वादी ने थाना फतेहगंज पश्चिमी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपियों ने उसकी 18 वर्षीय पुत्री को घर से बुलाकर जनपद अमरोहा ले जाकर अज्ञात व्यक्तियों को बेच दिया। इस मामले में थाना फतेहगंज पश्चिमी में भगवानदास समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 13 मार्च को करीब 10:30 बजे आरोपी भगवानदास पुत्र नत्थूलाल निवासी ग्राम रौतापुर खैर हैवतपुर थाना अलीगंज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांव के मनीष श्रीवास्तव और गीता निवासी थाना फतेहगंज पश्चिमी के साथ मिलकर शादी कराने की योजना बनाई गई थी। गीता ने बताया था कि इस शादी से सभी को पैसे मिलेंगे। योजना के तहत शीतल नाम की लड़की की शादी कराने की बात कही गई और मनीष को लड़की का ताऊ तथा गीता को ताई बताकर लड़के पक्ष को बताया गया कि लड़की के माता-पिता का निधन हो चुका है। इस तरह शादी कराने के नाम पर लड़के पक्ष से करीब तीन लाख रुपये लिए गए। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना फतेहगंज पश्चिमी के निरीक्षक प्रयागराज सिंह, उपनिरीक्षक अनूप सिंह और हेड कांस्टेबल विपिन कुमार शामिल रहे।