उझानी :- कोतवाली क्षेत्र के गांव अल्लापुर भोगी निवासी वैभव शर्मा पुत्र राम सुमिरन शर्मा ने कोतवाली में दिल्ली निवासी शादी कराने वाले पंडित, पत्नी व सास के खिलाफ धोखे से शादी कराने व माल जेवर के साथ धोखे से सात दिन बाद पत्नी को ले जाने की कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।दर्ज रिपोर्ट के अनुसार वैभव ने आरोप लगाया है कि दिल्ली निवासी पंडित बालमुकुंद शास्त्री ने दो लाख रुपए लेकर मेरी शादी करनबिहार पार्ट 3 किरोड़ी सुलेमान नगर बी ब्लाक थाना सुल्तानपुरी नार्थ बैस्ट दिल्ली निवासी धर्मेंद्र शर्मा की पुत्री निशा से 28-10-2025 को हिंदू रीति-रिवाज से दहेज रहित कराई।29 अक्टूबर को वह पत्नी को विदा कराकर गांव अल्लापुर भोगी ले आया। 6 दिन सब-कुछ ठीक-ठाक रहा।शादी के सात दिन बाद 4 नवंबर की सुबह पंडित बालमुकुंद व सास मीरा देवी घर आई व ससुर धर्मेन्द्र शर्मा की हालत नाज़ुक बताते हुए विदा कराकर साथ ले गई।दो दिन बाद वह पिता राम सुमिरन,व राकेश व बिशाल के साथ ससुर को देखने दिल्ली गया तो मामला समझ आया कि शादी के नाम पर मुझे ठगा गया है। मुझे पत्नी निशा से मिलाया नहीं गया। ससुर,सास,व पंडित ने गालियां देकर घर से निकाल दिया कि यह तो हम लोगों का धंधा है,जो करना है कर लेना। बैभव ने दर्ज कराई रिपोर्ट में लिखा है कि पंडित से अपने रूपए दो लाख व पत्नी निशा जो पहनकर गई सोने की चूड़ी, चांदी की गुलशन पट्टी,व सोने का हार वापस मांगा तो झगड़े पर आमादा हो गये। कोतवाली पुलिस को तहरीर दी, एसएसपी को शिकायती पत्र दिया रिपोर्ट दर्ज ना होने पर न्यायालय की शरण ली। सीजेएम के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।