बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर चोर को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार 11 मार्च को अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बारादरी पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शहदाना रेलवे ग्राउंड के पास से शुभम उर्फ शिवम उर्फ पांडा पुत्र सुरेश कुमार निवासी हजियापुर वाल्मीकि बस्ती, थाना बारादरी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध 12 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।इस संबंध में थाना बारादरी में मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कम पढ़ा-लिखा है और पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। उसने बताया कि वह चोरी करके अपने शौक पूरे करता है और चोरी के दौरान पकड़े जाने की स्थिति में लोगों को डराकर भागने के लिए तमंचा साथ रखता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की नीयत से ही क्षेत्र में घूम रहा था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट और चोरी से संबंधित मामले शामिल हैं।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक जितेन्द्र कुमार (चौकी प्रभारी मॉडल टाउन), उप निरीक्षक राहुल चौधरी तथा हेड कांस्टेबल पंकज कुमार शामिल रहे।