बरेली। थाना भुता पुलिस ने पत्नी की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को जंगल में ट्यूबवेल के पास से दबोचकर न्यायालय के समक्ष पेश किया।पुलिस के अनुसार 10 मार्च को वादिनी ने थाना भूता में तहरीर देकर आरोप लगाया कि भीमसेन पुत्र सुरेन्द्र पाल निवासी ग्राम रावल कलां थाना भूता ने उसकी पुत्री की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी है। तहरीर के आधार पर थाना भूता में मुकदमा संख्या 104/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। बाद में मामले में धारा 238 बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 मार्च को प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी भीमसेन को ग्राम पड़ौली से बहादुरापुर जाने वाले रास्ते पर जंगल में स्थित एक ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने करीब पांच वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था और वह राजस्थान के रेवाड़ी में मजदूरी करता है। कुछ समय से उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक होने लगा था। गांव के लोगों से भी उसे पत्नी के अन्य व्यक्तियों से संबंध होने की बात सुनने को मिली, जिस कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।आरोपी के मुताबिक 9/10 मार्च की रात वह राजस्थान से गांव आया था और शराब के नशे में पत्नी से विवाद हो गया। गुस्से में आकर उसने लाठी-डंडों और लोहे की फुकनी से मारपीट कर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को छिपाने और साक्ष्य मिटाने के लिए गांव के बाहर श्मशान घाट के पास झाड़ियों में छिपा दिया।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पीलीभीत जिले के बरखेड़ा और सुनगढ़ी थानों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के चार मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।