बरेली। थाना सीबीगंज पुलिस ने फायरिंग व जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 5 मार्च को सर्वोदय नगर निवासी दीपेश पन्त पुत्र विपिन चन्द पन्त ने तहरीर देकर बताया था कि उनके घर के बाहर दो–तीन अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और फायरिंग की। इस मामले में थाना सीबीगंज में 6 मार्च को मुकदमा बीएनएस के तहत तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल तीन आरोपियों की पहचान दीपक यादव, मयंक गुप्ता और अमित कुमार साहू के रूप में की। इसके बाद साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 125 व 131 बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर थाना सीबीगंज पुलिस ने वांछित आरोपी दीपक यादव पुत्र अमर सिंह यादव निवासी सर्वोदय नगर, थाना सीबीगंज को गल्ला गोदाम वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 भी बढ़ाते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक वीरेशपाल सिंह, कांस्टेबल जफरयाब अली और कांस्टेबल रवि कुमार शामिल रहे।