बरेली। थाना सिरौली पुलिस ने अवैध शराब बनाने के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से शराब बनाने के उपकरण, 120 लीटर लहन और 20 लीटर तैयार अवैध शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार 8 मार्च को मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक कृपाल सिंह अपनी टीम के साथ ग्राम सिरौली एतमाली के जंगल क्षेत्र में गेहूं के खेत में छिपाकर चल रही अवैध शराब की भट्टी पर दबिश दी। मौके से अमरजीत सिंह पुत्र रंजीत निवासी नानकपुरा, कस्बा व थाना सिरौली, उम्र करीब 42 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से शराब बनाने के उपकरण, 120 लीटर लहन और 20 लीटर तैयार कच्ची शराब बरामद हुई। इस संबंध में थाना सिरौली में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अधिक पैसे कमाने के लिए खेत में भट्टी लगाकर अवैध शराब बनाता और बेचता था। आरोपी के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।