बरेली। होली पर्व के मद्देनजर मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए थाना बारादरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 401 ग्राम अवैध चरस के साथ तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक धनंजय पाण्डेय के नेतृत्व में उनि विनय बहादुर सिंह, उनि महावीर सिंह एवं पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर शहदाना रेलवे ग्राउंड में दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए अभियुक्तों में रोहित निवासी रुदौली, अयोध्या , छोटू कश्यप निवासी चांदपुर, भमौरा और मोहम्मद नासिर निवासी पशुपति विहार, बारादरी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में मुख्य आरोपी रोहित ने बताया कि वह आठवीं तक पढ़ा है और पहले भांग के ठेके पर काम करता था, लेकिन अधिक कमाई के लालच में चरस की तस्करी करने लगा। वह अयोध्या से चरस लाकर बरेली में फुटकर सप्लाई करता था। रोहित के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में मउनि मानसी चौधरी, हेका राहुल कुमार, कांस्टेबल सिद्धांत चौधरी, कांस्टेबल कुर्बान अली व कांस्टेबल दीपांशी पोसवाल शामिल रहे।