बरेली। थाना भमोरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20.290 किलोग्राम डोडा छिलका के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बरेली पुलिस के अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार 25 फरवरी को उप निरीक्षक श्याम सिंह व उप निरीक्षक योगेश प्रताप सिंह मय हमराहियान देवचरा चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रम्पुरा अंडरपास के पास अलीगंज मार्ग की ओर जाने वाले रास्ते पर एक व्यक्ति दो प्लास्टिक बोरियों में डोडा छिलका लेकर खड़ा है और उसे बेचने की फिराक में है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्राम दिसौली गंज थाना बिसौली, जिला बदायूं निवासी इन्द्रेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 20.290 किलोग्राम अवैध डोडा छिलका एवं एक सैमसंग टच स्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर थाना भमोरा में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि मजदूरी से गुजारा न होने पर वह होली से पहले अधिक मुनाफे के लालच में डोडा छिलका बेचने जा रहा था। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सनी चौधरी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।