बरेली। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस को एक और सफलता मिली है। देवरनिया थाना पुलिस ने अवैध रूप से देशी शराब बेचने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी बहेड़ी के पर्यवेक्षण में थाना देवरनिया पुलिस टीम द्वारा 24 फरवरी को चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बब्लू पुत्र रफीक निवासी ग्राम गुनाहट्टू को गुलाबनगर की ओर जाने वाली सड़क से 17 पाउच विंडीज देशी शराब (200-200 एमएल) के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं सलीम पुत्र मो. हनीफ निवासी ग्राम गुनाहट्टू को गुनाह रोड स्थित लकड़ी की टाल के पास से 25 पाउच देशी शराब के साथ दबोचा गया। दोनों अभियुक्तों के कब्जे से कुल 42 पाउच अवैध देशी शराब बरामद की गई। इस संबंध में थाना देवरनिया पर उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे शराब के पाउच दुकान से खरीदकर 10-20 रुपये मुनाफे पर गांवों में बेचते थे और इसी से अपना खर्च चलाते थे। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र शर्मा, उपनिरीक्षक कमल किशोर, हेड कांस्टेबल सचिन कुमार एवं कांस्टेबल बिट्टू सिंह शामिल रहे।