बरेली। थाना विशारतगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम ढका निवासी सर्वेश कुमारी को उसके घर से अवैध कच्ची शराब बनाते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से शराब बनाने के उपकरण, लहन तथा दो पिपियों में करीब 11 लीटर कच्ची शराब बरामद की। बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान सर्वेश कुमारी की सहयोगी तुलसा पत्नी स्वर्गीय भोजराज मौके से फरार हो गई, जिसकी तलाश जारी है। पूछताछ में गिरफ्तार महिला ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद आजीविका का साधन न होने पर वह तुलसा के साथ मिलकर कच्ची शराब बनाकर बेचने लगी थी और दोनों मुनाफा बराबर बांटती थीं। कार्रवाई टीम में थानाध्यक्ष सतीश कुमार, आबकारी निरीक्षक ओंकारनाथ सिंह, उपनिरीक्षक सुरजीत सिंह सहित पुलिस व आबकारी विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।