बरेली। थाना प्रेमनगर पुलिस ने हनीट्रैप के माध्यम से लोगों को संगीन धाराओं में झूठे मुकदमे में फँसाने की धमकी देकर धन वसूली करने वाले गिरोह के एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त उदित पाण्डेय (30) निवासी सैनिक कॉलोनी, थाना इज्जतनगर है, जिसे मुखबिर की सूचना पर एम.बी. इंटर कॉलेज क्षेत्र से पकड़ा गया। वादी मनीष गंगवार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि अभियुक्तों ने उसे हनीट्रैप में फँसाकर दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप में झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर पहले 10 लाख रुपये वसूले और बाद में 12 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की। इस मामले में थाना प्रेमनगर में पूजा शर्मा सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसकी बहन का पति से विवाद चल रहा है और आर्थिक तंगी के कारण उसने वादी से संपर्क किया था। बाद में लालच में आकर दोनों ने मिलकर धन वसूली की योजना बनाई। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा अन्य आरोपियों की तलाश जारी।