बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के दौरान चार वांछित बदमाशों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार 16 फरवरी की रात करीब 1:40 बजे गश्त के दौरान ग्राम मसीत महेशपुर शिवसिंह मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन मिला, जिसकी नंबर प्लेट कपड़े से ढकी थी। रोकने पर वाहन चालक भागने लगा और नहर किनारे पेड़ से टकरा गया। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें उपनिरीक्षक रुक्मेश सिंह और कांस्टेबल संजय सागर घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अकरम अली और आसिफ घायल हो गए, जबकि साहिल व शाहिद को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से ₹60,000 नकद, दो अवैध 315 बोर तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखे और एक पिकअप वाहन बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपी धौराटांडा डकैती कांड में वांछित थे और अकरम व आसिफ का हरदोई जिले में हुई एक अन्य डकैती में भी नाम सामने आया है। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।