बरेली। थाना भोजीपुरा क्षेत्र के गांव सिंघाई कायस्थान में रविवार रात बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए पानी की टंकी पर तैनात चौकीदार को बंधक बनाकर जमकर पीटा। नकाबपोश बदमाश सौर ऊर्जा की केबिल काटकर मौके से फरार हो गए। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित चौकीदार हरीश कुमार ने बताया कि वह गांव सिंघाई कायस्थान निवासी है और गांव में बनी पानी की टंकी पर चौकीदारी करता है। रात करीब 2 बजे किसी ने दरवाजा खटखटाया और खुद को कंपनी से आया बताया। जैसे ही उसने दरवाजा खोला, तीन नकाबपोश बदमाश अंदर घुस आए। बदमाशों ने पहले सौर ऊर्जा की केबिल काट दी और फिर कमरे में रखे सामान की चाबी मांगने लगे। चाबी देने से इनकार करने पर बदमाशों ने हरीश कुमार को रस्सियों से बांधकर बंधक बना लिया और बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। बदमाश लगातार चाबी देने का दबाव बनाते रहे, लेकिन चौकीदार ने सामान की सुरक्षा के चलते चाबी नहीं दी। पिटाई के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सुबह होते ही हरीश कुमार ने किसी तरह आवाज लगाई। गली से गुजर रहे ग्रामीणों ने उसे बंधनमुक्त कराया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को थाने ले जाकर मेडिकल परीक्षण कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही बदमाशों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से गांव में भय का माहौल है और ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।