पुलिस की मुठभेड़ में महिला से लूट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, एक घायल
बरेली। थाना देवरनियां क्षेत्र में 18 जनवरी को महिला से हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।

पुलिस के अनुसार, 18 जनवरी 2026 को रनवीर सिंह पुत्र राजेन्द्र कुमार निवासी ग्राम गदइया थाना मिलक जनपद रामपुर, हाल निवासी किसान सहकारी चीनी मिल सेमीखेड़ा, बरेली द्वारा तहरीर दी गई थी कि नायरा पेट्रोल पंप ग्राम सेमीखेड़ा के पास स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उनकी पत्नी के हाथ से पर्स लूट लिया। पर्स में मोबाइल फोन, 6 हजार रुपये नकद व सोने-चांदी के आभूषण थे। इस संबंध में थाना देवरनियां पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
दिनांक 7 फरवरी को थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल अभियुक्त पुनः किसी वारदात की फिराक में ग्राम इटौआ की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की, खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दो अन्य बदमाशों को ग्राम इटौआ के जंगल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरक्षी पवन बंसल भी घायल हो गए।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, एक अवैध चाकू, घटना में प्रयुक्त स्पलेंडर मोटरसाइकिल तथा लूट के शत-प्रतिशत आभूषण बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों में एक सोने की चेन, कंठी, एक जोड़ी झुमके, दो अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी चांदी की पाजेब, 5,600 रुपये नकद शामिल हैं। इसके अलावा थाना भोजीपुरा क्षेत्र में 1 फरवरी को जादौपुर कस्बे के पास दंपत्ति से लूटे गए मोबाइल व नकदी की भी बरामदगी हुई है।
घायल बदमाश और घायल आरक्षी को उपचार के लिए सीएचसी बहेड़ी भेजा गया है। मौके पर फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्यवाही जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवदीप कुमार, उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार, ताजवर सिंह, पुष्पेन्द्र शर्मा, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार, मलिखान सिंह, कांस्टेबल बिट्टू सिंह एवं घायल आरक्षी पवन बंसल शामिल रहे।













































































