बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) बरेली के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 752 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 19 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही एक मल्टीमीडिया मोबाइल फोन और 2000 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर रात पीलीभीत बाईपास डोहरा मोड़ के पास चेकिंग के दौरान अभियुक्त अली हसन पुत्र अली अहमद निवासी एजाज नगर, गौटिया कादरी मस्जिद के पास, थाना बारादरी को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में थाना बारादरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह आठवीं पास है और शादीशुदा है। उसके तीन छोटे बच्चे हैं। वह पहले कुवैत में ड्राइविंग करता था और कुछ समय पूर्व ही भारत लौटा है। अभियुक्त ने यह भी खुलासा किया कि उसका छोटा भाई जीशान एनडीपीएस एक्ट के मामले में झारखंड के डाल्टनगंज जेल में बंद है। वहीं जेल में उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई, जिससे उसने अफीम खरीदी थी। अफीम बेचने के लिए जाते समय ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि मोबाइल नंबरों के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में रिमांड हेतु प्रस्तुत किया गया। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक धनंजय पाण्डेय, एएनटीएफ टीम, उपनिरीक्षक कुशलपाल सिंह, हेड कांस्टेबल फहीम चौधरी व कांस्टेबल प्रदीप कुमार शामिल रहे।