बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित अपना ढाबा में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से ढाबा संचालक समेत 3 पुरुष व 3 महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जबकि ढाबा मालिक फरार बताया जा रहा है। सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हाईवे शिवम आशुतोष सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाईवे स्थित अपना ढाबा के कमरों में अनैतिक देह व्यापार का धंधा चल रहा है, जिसमें ढाबा संचालक व मालिक की संलिप्तता है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 6 फरवरी को दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने जिस्मफरोशी में लिप्त 3 महिलाओं, 3 ग्राहकों तथा ढाबा संचालक कुंवरपाल यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल, 7 मोबाइल फोन, 2200 रुपये नकद, कॉस्मेटिक सामान तथा उपयोग किए गए व नए निरोध भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना भोजीपुरा में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में अभियुक्तों ने ढाबे के कमरों में सहमति से इस अवैध गतिविधि के संचालन की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार ढाबा मालिक गजेन्द्र सिंह, निवासी रामगंगा बिहार, बरेली फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस टीम में महिला पुलिसकर्मियों सहित थाना भोजीपुरा का पर्याप्त बल शामिल रहा।