बरेली। थाना भोजीपुरा क्षेत्र के धौराटांडा निवासी जमील अहमद पुत्र अब्दुल बशीर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर अपने भाई की हत्या के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। जमील अहमद का आरोप है कि उनके सगे बड़े भाई सगीर अहमद की हत्या धौराटांडा निवासी आरिफ पुत्र अब्दुल हारून, आसिफ पुत्र अब्दुल हारून और लईक पुत्र अब्दुल खलील द्वारा की गई थी। इस मामले में मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। दिनांक 20 जनवरी को तीनों आरोपी अदालत में पेश हुए थे। बताया गया कि अदालत में बहस के दौरान आरोपियों ने जमानत का दुरुपयोग करते हुए फरार होने की योजना बनाई और बाद में अदालत से भाग निकले। जमील अहमद का आरोप है न्यायालय द्वारा तीनों आरोपियों के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं, लेकिन आरोप है कि थाना भोजीपुरा पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत नहीं कर रही है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुलिस द्वारा अदालत में यह रिपोर्ट भेजी जा रही है कि आरोपी नहीं मिल रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि आरोपी आसिफ क्षेत्र में ही मौजूद है, लईक बिलारी में छिपा हुआ है और तीसरा आरोपी आरिफ हैदराबाद फरार हो गया है। जमील अहमद ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि थाना भोजीपुरा के थानाध्यक्ष को निर्देशित कर तीनों आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कराई जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।