बरेली। थाना सिरौली क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए वांछित अभियुक्त शमीम पुत्र अनीस अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त पर युवक को छत से धक्का देकर हत्या करने तथा पुलिस मुठभेड़ के दौरान फायरिंग करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार 2 फरवरी की शाम ग्राम केसरपुर निवासी विनोद को उसके साथियों राशिद, शमीम और जीशान शराब पीने के लिए ग्राम गुरगांवा ले गए थे। शराब के पैसे और दोबारा शराब खरीदने को लेकर हुए विवाद के बाद तीनों ने मिलकर विनोद को छत से नीचे धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल विनोद को बरेली अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता प्रेमशंकर की तहरीर पर थाना सिरौली में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस मुठभेड़ के बाद मुख्य अभियुक्त राशिद को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि शमीम फरार चल रहा था। 3 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पल्था मोड़ से शमीम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने हत्या और पुलिस पर फायरिंग की घटना स्वीकार की है। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है।