बरेली । बारादरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ईट पजाया चौराहे के पास आज रेलवे प्रशासन ने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। रेलवे की बेशकीमती जमीन पर वर्षों से किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए बुलडोजर की कार्रवाई की गई। रेलवे द्वारा चिन्हित करीब 150 अवैध निर्माणों को हटाने के लिए सुबह दो बुलडोजर मौके पर पहुँचे, जिनमें झुग्गी-झोपड़ियों के साथ-साथ पक्के मकान भी शामिल हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर आरपीएफ , जीआरपी और स्थानीय पुलिस बल की भारी तैनाती की गई। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक अतिक्रमणकारियों को पहले ही कई बार नोटिस जारी कर जमीन खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन चेतावनी के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया, जिसके बाद यह सख्त कदम उठाया गया। अखिलेश कुमार शर्मा, रेलवे अधिकारी ने बताया कि रेलवे की भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जे किए गए थे। अतिक्रमणकारियों को कई बार नोटिस देकर स्वयं कब्जा हटाने का अवसर दिया गया, लेकिन पालन नहीं किया गया। इसलिए नियमानुसार आज अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।