बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार 10 नवंबर 2025 को वादी गौरव वरपे पुत्र मच्छींद्र वरपे, निवासी सोनई थाना सोनई जनपद अहिल्यानगर (महाराष्ट्र), हाल निवासी राजश्री मेडिकल कॉलेज बरेली ने थाना फतेहगंज पश्चिमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वादी ने बताया कि वह अपने मित्र गौरवेंद्र के साथ राधा कृष्ण मंदिर से स्कूटी द्वारा लौट रहा था, तभी ईको वैन संख्या UP25 DL 5398 ने स्कूटी के आगे वाहन लगाकर दोनों का अपहरण कर लिया। आरोपियों ने यूपीआई का पिन पूछकर 60 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए और जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में थाना फतेहगंज पश्चिमी पर मुकदमा पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान अभियुक्त सचिन सिंह पुत्र इंद्रपाल सिंह का नाम प्रकाश में आया, जिस पर धारा 61(2) बीएनएस की वृद्धि की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 1 फरवरी को राधा कृष्ण मंदिर से रहपुरा अंडरपास के पास से अभियुक्त सचिन सिंह निवासी ग्राम किशनपुर थाना अलीगंज, हाल पता मोहल्ला साहुकारा, वार्ड नंबर 2, फतेहगंज पश्चिमी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने घटना में 9–10 अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता स्वीकार की है, जिनकी तलाश जारी है। अभियुक्त को माननीय न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस टीम में उप निरीक्षक अशोक कुमार, उप निरीक्षक विनोद कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह एवं कांस्टेबल नीरज कुमार।