बरेली। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय श्योराज बहादुर सक्सेना के भूड़ स्थित आवास पर क्रांतिकारी छात्र परिषद के तत्वावधान में सरस काव्य गोष्ठी एवं पुस्तक लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं वरिष्ठ कवि शंकर स्वरूप सक्सेना रहे, जबकि अध्यक्षता साहित्यकार डॉ. राजेश शर्मा कककेली ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर पूर्व विधायक के सुपुत्र रजत कुमार द्वारा रचित कृति “जंग बंद करो” का लोकार्पण मुख्य अतिथि के कर कमलों से संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि शंकर स्वरूप सक्सेना ने कृति की सराहना करते हुए कहा कि आज के युद्धग्रस्त वैश्विक परिवेश में यह पुस्तक शांति, सद्भाव और समरसता का सशक्त संदेश देती है। काव्य गोष्ठी में कवियों ने राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में अनेक साहित्यकार, कवि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।