बरेली। थाना इज्जतनगर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों में युनूस पुत्र निहालुद्दीन निवासी जगतपुर पानी की टंकी के पास थाना बारादरी के कब्जे से 13 ग्राम तथा शाकिर पुत्र असलम निवासी जगतपुर गोटिया थाना बारादरी के कब्जे से 12 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पीलीभीत रोड स्थित यूपी स्टेट वेयरहाउस के सामने स्मैक की बिक्री की जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना इज्जतनगर में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे स्मैक बंटी उर्फ फिरोज निवासी स्वालेनगर से खरीदकर मंडी डेलापीर व आसपास ट्रक चालकों को बेचते थे। पुलिस अब सप्लायर की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार अभियुक्तों को रिमांड हेतु न्यायालय में पेश किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बिजेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक मुनेन्द्र कुमार, उप निरीक्षक मुकेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।