बरेली। थाना प्रेमनगर क्षेत्र के मोहल्ला शाहाबाद निवासी प्रवेश ने अपनी पत्नी के मायके पक्ष पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में थाना प्रेमनगर में शिकायत दर्ज कराई है।प्रवेश का विवाह सात वर्ष पूर्व खुशनुमा से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही खुशनुमा मानसिक रूप से उसे प्रताड़ित करती रही। किसी बात पर नाराज होकर वह अपने मायके चली गई और बाद में न्यायालय में मुकदमा भी दायर कर दिया।पीड़ित के अनुसार, वह किसी कार्य से ईसाइयों की पुलिया रोड पर गया था, जहां खुशनुमा के मायके पक्ष के दोस्त राजा निवासी आजमनगर ने उस पर हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाकर भागे प्रवेश को मुकदमा खत्म करने और सुलह का दबाव बनाया गया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।घटना से घबराकर प्रवेश थाना प्रेमनगर पहुंचा और पूरी घटना की तहरीर दी। प्रवेश का कहना है कि वह अपनी पत्नी को साथ रखना चाहता है, लेकिन उसके मायके वाले जानबूझकर उसका घर उजाड़ रहे हैं। दंपति का दो वर्षीय बेटा भी है। प्रवेश गाड़ियों में ग्रीसिंग का कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है।पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।