बरेली। रोटरी क्लब ऑफ़ बरेली साउथ द्वारा संचालित रोटरी पब्लिक स्कूल, रजऊ में 77वाँ गणतंत्र दिवस अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंधन समिति के मैनेजर नीरज अग्रवाल, सचिव संदीप मेहरा एवं रोटरी साउथ के वरिष्ठ सदस्य द्वारा ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत तिरंगे को सलामी एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। छात्रों द्वारा अनुशासित मार्च-पास्ट, देशभक्ति से ओत-प्रोत नृत्य प्रस्तुतियाँ तथा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी उपस्थित जनों का मन मोह लिया। 450 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया। स्कूल मैनेजर नीरज अग्रवाल ने कहा कि रोटरी पब्लिक स्कूल, रजऊ क्लब का एक महत्वपूर्ण सेवा प्रकल्प है, जो गरीब एवं श्रमिक वर्ग के बच्चों को अत्यंत कम शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है। विद्यालय का प्रबंधन, संचालन एवं विद्यार्थियों का उज्ज्वल भविष्य रोटरी क्लब के सेवा-भाव, मार्गदर्शन एवं सहयोग से निरंतर संवर रहा है। शिक्षा के माध्यम से समाज निर्माण की दिशा में क्लब सराहनीय योगदान दे रहा है। इस अवसर पर संजय गर्ग, रोहित जिंदल, शरद कुमार, रमेश वाष्णेय, डॉ. सुनील कुमार, विमल महरोत्रा, अशोक अग्रवाल, आशीष मेहरोत्रा, संदीप मेहरा, अनिल अग्रवाल, राजीव बूबना, गौरव गर्ग, आशीष अग्रवाल, शोभित अग्रवाल, शिशिर पांडेय, वीरेश मित्तल, अमित अग्रवाल, निधि अग्रवाल सहित अनेक रोटेरियन सदस्य, प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।