बदायूं। रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में गंगा तट पर आस्था का विशाल नगर बस चुका है। रेत के विस्तृत मैदान में दूर-दूर तक तंबुओं की कतारें नजर आने लगी हैं। मेले में श्रद्धालुओं की आमद लगातार बढ़ रही है। पिछले दिनों गंगा का जलस्तर कम होने से श्रद्धालुओं को स्नान करने में परेशानी हो रही थी, लेकिन अब गंगा का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। इससे श्रद्धालुओं को स्नान के लिए पर्याप्त पानी मिलने की उम्मीद जगी है। उधर, 23 नवंबर को प्रस्तावित मेले के उद्घाटन से पहले जिला पंचायत के अधिकारी और कर्मचारी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। मेला परिसर में जमीन को समतल कराया जा रहा है और रास्तों सहित अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान के लिए लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता। इस बार मेले का विस्तार पश्चिमी दिशा में भी काफी दूर तक हुआ है। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, टेंपो, कारों, मोटरसाइकिलों और साइकिलों से श्रद्धालु अपने परिवारों के साथ मेला पहुंच रहे हैं। कई श्रद्धालु पहले से ही तंबू लगाकर कल्पवास और धार्मिक अनुष्ठानों में जुट गए हैं।
गंगा तट पर सुबह होते ही स्नान, पूजा-अर्चना और हर-हर गंगे के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो उठता है। श्रद्धालु गंगा में दीप प्रवाहित कर, पुष्प अर्पित कर और दान-दक्षिणा देकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। साधु-संतों और महात्माओं के आगमन से मेले की धार्मिक छटा और बढ़ गई है।
सुरक्षा के लिए घुड़सवार पुलिस और पीएसी तैनात
मेले में लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस बल के साथ घुड़सवार पुलिस को भी तैनात किया गया है। इसके अलावा पीएसी के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारी लगातार मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। चिकित्सा और आपातकालीन सेवाओं को भी सक्रिय रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
मीना बाजार में बढ़ी रौनक, झूलों और दुकानों पर भीड़
मेले में मीना बाजार सजने लगा है। महिलाओं की भीड़ श्रृंगार, घरेलू उपयोग और सजावट के सामान की दुकानों पर दिखाई दे रही है। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, खिलौने, मौत का कुआं और जादू के खेल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं जलेबी, पेठा, खजला, पूड़ी-सब्जी और अन्य देसी व्यंजनों की दुकानों पर भी चहल-पहल बढ़ गई है। रंगीन रोशनी से सजता मेला रात में अलग ही छटा बिखेर रहा है। मेला का मुख्य प्रवेश द्वार भी तैयार किया जा रहा है।
मांस-मदिरा और पॉलीथिन पर प्रतिबंध, जुआ खेलने वालों पर रहेगी नजर
मेला परिसर में स्वच्छता और धार्मिक मर्यादा बनाए रखने के लिए शासन-प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं और दुकानदारों से विशेष अपील की गई है। मेले में मांस-मदिरा और पॉलीथिन का प्रयोग न करने की हिदायत दी गई है। इसके साथ ही जुआ खेलने वालों पर भी इस बार सख्ती से नकेल कसने की तैयारी है। प्रशासन का जोर मेले को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने पर है। कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के लिए जिला पंचायत की टीमें लगातार जुटी हुई हैं।


























































































