बरेली। थाना इज्जतनगर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त एक डंडा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 16 नवंबर 2025 को कंजादासपुर थाना इज्जतनगर क्षेत्र में मकान निर्माण को लेकर हुए विवाद में अभियुक्त फजल उर्फ भोला पुत्र नरवर खां एवं रिजवान पुत्र वकील अहमद ने वादिनी जैनब पत्नी नरोज खां के घर में घुसकर मारपीट की थी। इस दौरान वादिनी के पुत्र रेहान, जेठ हासम खां तथा भतीजे जावेद खां के साथ लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे तीनों को गंभीर चोटें आई थीं। मामले में थाना इज्जतनगर पर अभियोग पंजीकृत कर घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया था। 22 जनवरी की रात्रि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कंजादासपुर तिराहे से दोनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त रिजवान की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक डंडा बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना में मामला दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह, उप निरीक्षक हरवीर सिंह, उप निरीक्षक आफताब खान, हेड कांस्टेबल शोभित यादव एवं कांस्टेबल राहुल कुमार शामिल रहे।