बरेली। गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बारादरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर अभियुक्त को अवैध तमंचा व कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर तृतीय के पर्यवेक्षण में दिनांक 20 जनवरी की रात्रि थाना बारादरी पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर भरतौल रोड के पास से अभियुक्त अनमोल वन पुत्र राकेश वन, निवासी ग्राम मंडी तलैय्या नकटिया, थाना कैंट, जिला बरेली को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर व एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। पुलिस ने इस संबंध में थाना बारादरी पर मुकदमा पंजीकृत कर अभियुक्त को माननीय न्यायालय में रिमांड हेतु प्रस्तुत किया। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अशिक्षित है तथा पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। अभियुक्त का आपराधिक इतिहास लंबा है और वह पूर्व में कई बार जेल जा चुका है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त लूट व छिनैती की घटना को अंजाम देने की फिराक में था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक मनीष भारद्वाज, उपनिरीक्षक सौरव तोमर, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार व हेड कांस्टेबल बलवेंद्र कुमार शामिल रहे।