बरेली। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिरौली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 1269 ग्राम अवैध अफीम व एक मोटरसाइकिल के साथ चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी सिरौली के नेतृत्व में उप निरीक्षक अवधेश कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गुलड़िया में सुनील की दुकान के बरामदे में चार व्यक्ति अवैध अफीम के साथ मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल दबिश देकर पुलिस टीम ने मौके से चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान देवेन्द्र पुत्र आराम सिंह निवासी ग्राम लभारी थाना सिरौली, पप्पू पुत्र सोनपाल निवासी गिरन्दपुर थाना आंवला, गुड्डू पुत्र भेरो प्रसाद निवासी गिरन्दपुर थाना आंवला तथा सुनील पुत्र लखन पाल निवासी ग्राम रुखाड़ा थाना सिरौली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान देवेन्द्र से 317 ग्राम, पप्पू से 309 ग्राम, गुड्डू से 309 ग्राम तथा सुनील से 334 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। इस प्रकार कुल 1269 ग्राम अफीम बरामद हुई। अभियुक्तों के पास अफीम रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया। मौके पर मौजूद एक मोटरसाइकिल (हीरो होंडा प्लस) के कागजात न होने पर उसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के अंतर्गत सीज किया गया। इस संबंध में थाना सिरौली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पूछताछ में अभियुक्तों ने अधिक पैसे कमाने के लालच में अफीम बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस द्वारा सभी अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक अवधेश कुमार, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, हेड कांस्टेबल कुलदीप कुमार, कांस्टेबल राहुल यादव एवं कांस्टेबल मनोज कुमार शामिल रहे।